ब्लिट्ज ब्यूरो
जम्मू। जम्मू – कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि भगवान राम सबके हैं। कुछ लोग उन्हें सिर्फ अपना बताते हैं लेकिन वे विश्व के भगवान हैं।
सांसद अब्दुल्ला ने कहा कि कुछ लोग भगवान राम को अपना होने की बात करते हैं। उनसे मैं कहना चाहता हूं, भगवान राम विश्व के भगवान हैं। वह उनके भी भगवान हैं जो भगवान को नहीं मानते हैं। यह समझना चाहिए कि हमें इक्कठे चलना है। कोई धर्म नहीं कहता कि बेईमानी करो।
उन्होंने कहा कि सभी धर्म कहते हैं सही करो। कोई धर्म खराब नहीं है। जब हम अपना धर्म जान लेंगे तब हमें दूसरों का धर्म खराब नहीं लगेगा। डॉ. अब्दुल्ला ने यह विचार जम्मू के अखनूर में एक कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। फारूक ने कहा कि 1947 में कबाइलियों के हमले के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री जिन्ना ने पिता शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को पाकिस्तान में शामिल होने का आग्रह किया था। उन्होंने भारत के साथ जाने का फैसला किया।