ब्लिट्ज ब्यूरो
लंदन। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ब्रिटेन के सम्राट चार्ल्स-तृतीय और क्वीन कैमिला के राज्याभिषेक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। छह मई को होने वाला यह कार्यक्रम 1953 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम राज्याभिषेक के लगभग सात दशकों को चिह्नित करेगा, तब प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, ब्रिटेन ने शुरुआत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया था, लेकिन उनके स्थान पर धनखड़ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पर्दे पर होंगे राष्ट्रमंडल देशों के नाम
चार्ल्स-तृतीय के राज्याभिषेक में सबसे पवित्र धार्मिक रस्म के लिए इस्तेमाल होने वाले कपड़े के पर्दे पर भारत समेत राष्ट्रमंडल के प्रत्येक सदस्य देश का नाम होगा। भव्य समारोह के मद्देनजर लंदन में सेंट जेम्स पैलेस के चैपल रॉयल में इस पर्दे का अनावरण किया गया। इसके बीच में एक पेड़ बना हुआ है और उसकी 56 शाखाओं पर राष्ट्रमंडल देशों के नाम हैं। लंदन स्थित आधिकारिक आवास बकिंघम पैलेस ने कहा कि यह 74 वर्षीय सम्राट के इस संगठन के लिए गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। इस पर्दे को बनाने में इस्तेमाल सामग्री ब्रिटेन तथा अन्य राष्ट्रमंडल देशों से मंगाई गई है।
सोनम कपूर आइकन के साथ करेंगी मंच साझा
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर 7 मई को किंग चार्ल्स के कोरोनेशन कन्सर्ट में लियोनेल रिची, कैटी पेरी और टॉम क्रूज जैसे आइकन के साथ मंच साझा करने वाली इकलौती भारतीय होंगी। उन्हें एक्सक्लूसिव स्पोकन वर्ड पीस देने के लिए आमंत्रित किया गया है, जहां वह 7 मई को विंडसर कैसल में स्टीव विनवुड और विशेष कॉमनवेल्थ वर्चुअल गाना गाने वालों का परिचय देंगी। 6 मई को राज्याभिषेक वेस्टमिंस्टर एब्बे में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद 7 मई को विंडसर कैसल में एक उत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। कन्सर्ट में ग्लोबल म्यूजिक आइकन और समकालीन सितारे ऐतिहासिक अवसर का जश्न मनाएंगे। सोनम ने उल्लेख किया, इस समारोह के लिए कॉमनवेल्थ वर्चुअल क्वायर में शामिल होकर मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं।
मुंबई के डब्बा वाले भी होंगे शामिल
मुंबई के डब्बा वालों से ब्रिटेन के किंग चार्ल्स का लगाव बड़ा पुराना है। अब इन्हें 6 मई को लंदन में होने वाले राज्याभिषेक में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। यह न्यौता बि्रटेन के दूतावास से जारी किया गया है।