नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में ₹25 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके बाद 2027-28 के रबी मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं का एमएसपी बढ़कर ₹2,610 प्रति क्विंटल हो गया है। 2026-27 में गेहूं का एमएसपी ₹2,585 प्रति क्विंटल था।
सरकार ने सिर्फ गेहूं ही नहीं, बल्कि अन्य पांच रबी फसलों के समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी की है। जौ का एमएसपी ₹2,150 से बढ़ाकर ₹2,286 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। दालों में चने का एमएसपी ₹5,875 से बढ़कर ₹5,958 और मसूर का एमएसपी ₹7,000 से बढ़कर ₹7,390 प्रति क्विंटल किया गया है। वहीं तिलहन फसलों में सरसों का एमएसपी ₹6,200 से बढ़ाकर ₹6,613 और कुसुम का एमएसपी ₹6,540 से बढ़ाकर ₹7,215 प्रति क्विंटल किया गया है।
किसानों को मिलेंगे ₹90,962 करोड़
सरकार के अनुमान के मुताबिक, 2027-28 के मार्केटिंग सीजन में करीब 324 लाख टन रबी फसलों की खरीद के लिए किसानों को कुल ₹90,962 करोड़ का भुगतान किया जाएगा। एमएसपी तय करने में कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों को आधार बनाया गया। घरेलू और वैश्विक कीमतों के रुझान तथा मौसम से जुड़े जोखिमों को भी ध्यान में रखा गया है।














