ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत ने ईरान में अपना राजदूत बदल दिया है। विदेश मंत्रालय ने विगत दिवस जारी आधिकारिक बयान में कहा कि विश्वेश नेगी को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान राजदूत डॉ. मोहम्मद फतह अली की जगह लेंगे।
विश्वेश नेगी भारतीय विदेश सेवा के 2002 बैच के अधिकारी हैं। वह इस समय नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है।
विश्वेश ने 2002 से 2022 तक विदेश मंत्रालय में द्विपक्षीय कूटनीतिक दायित्व निभाए और भारत के विदेश मिशनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।
भारत-ईरान संबंध, ऊर्जा सुरक्षा, चाबहार बंदरगाह, रीजनल कनेक्टिविटी, व्यापार और पश्चिम एशिया की रणनीतिक स्थिति के कारण उनकी नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण हैं।













