ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 1990 बैच की आईपीएस अफसर रेणुका मिश्र को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण का भी अतिरिक्त प्रभार उनके पास रहेगा।
इससे पहले पूर्व कार्यवाहक डीजीपी आर के विश्वकर्मा यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 1988 बैच के आईपीएस आर के विश्वकर्मा 31 मई को रिटायर हो गए थे। इसके बाद से यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष पद के लिए तलाश चल रही थी।
वरिष्ठता के क्रम में 1990 बैच की रेणुका मिश्रा 4 सीनियर आईपीएस अधिकारियों से पीछे थीं। 1988 बैच के आईपीएस विजय कुमार को कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेदारी दी गई थी। मौजूदा समय में आईपीएस रेणुका मिश्र पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाल रही थी।
रेणुका मिश्र ने बीकॉम, इकोनॉमिक्स और पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन में एमए किया है। रेणुका मिश्र को 2005 में डीआईजी, 2010 में आईजी, 2014 में एडीजी और 2021 में डीजी पद पर प्रमोट किया गया था। रेणुका को 26 जनवरी 2023 को डीजी कमेंडेशन डिस्क प्लेटिनम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।