जमुई। बिहार के जमुई की बेटी संस्कृति त्रिवेदी ने यूपीएससी सिविल सर्विस 2024 में पूरे देश में 17वीं रैंक हासिल की है। पहले वो इसी सर्विस में चुनी जा चुकी थीं, फिर भी रुकी नहीं और दोबारा मैदान में उतरीं। अब उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला है।
संस्कृति मूल रूप से बिहार के जमुई जिले की रहने वाली हैं लेकिन उनकी स्कूल की पढ़ाई झारखंड की राजधानी रांची में हुई। उन्होंने जेवीएम श्यामली स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की।
बोर्ड में बेहतरीन नंबर
12वीं में संस्कृति ने साइंस स्ट्रीम चुनी थी। नतीजा आया तो उनके नंबर 94.4 फीसदी थे। पढ़ाई में वो शुरू से ही आगे रहने वालों में थीं।
स्कूल के बाद संस्कृति दिल्ली आ गईं। यहां दिल्ली यूनिवर्सिटी से उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। फिर जेएनयू से इसी विषय में मास्टर्स की डिग्री ली। पढ़ाई के साथ-साथ सिविल सर्विस की तैयारी भी चलती रही।
पहली सफलता, पर मन नहीं भरा
साल 2022 की सिविल सर्विस परीक्षा में संस्कृति को 352वीं रैंक मिली। इसके बाद उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट सर्विस में हो गया। संस्कृति त्रिवेदी ने यहीं रुकने के बजाय एक बार फिर परीक्षा देने का फैसला किया। नौकरी के साथ तैयारी करना आसान नहीं था। एक इंटरव्यू में संस्कृति ने बताया कि वो रोज 15 से 17 घंटे पढ़ाई करती थीं। घर पर रहकर ही उन्होंने तैयारी की। मेहनत रंग लाई और सिविल सर्विस 2024 में उन्हें ऑल इंडिया 17वीं रैंक मिली। उनका चयन आईएएस के लिए हुआ और कैडर मिला उत्तर प्रदेश।














