मड़ियाहूं। नगर पंचायत अध्यक्ष रुखसाना कमाल फारुकी की बेटी सामिया के पायलट बनने पर उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग रहा है। सामिया बचपन से ही मेधावी छात्रा रही है। कुछ विशेष कर दिखाने की उसकी इच्छा को घर वालों ने उसके छात्र जीवन में ही भांप लिया था। उन्होंने हर स्तर पर उसे सहयोग और प्रोत्साहन दिया जिससे उसका सपना साकार हुआ।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राधेश्याम सिंह सहित शिक्षा जगत और नगर की कई प्रमुख हस्तियों ने आवास पर पहुंचकर सामिया को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि सामिया ने पायलट बनकर परिवार के साथ ही नगर का भी नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। सामिया की उपलब्धि से युवाओं, विशेषकर छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के प्राचार्य अब्दुल कादिर खान, मड़ियाहूं पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेश पाठक, डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक डॉ. लीना तिवारी, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, स्वर्ण सिंह टीटू सहित नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।














