ब्लिट्ज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के लिए बड़ी खबर है। यमुना सिटी में वंदे भारत रेल के लिए बोगियों और पहियों के निर्माण के बड़े प्रोजेक्ट की पेशकश की गई है। देश की दिग्गज कंपनी टीटागढ़ वैगंस लिमिटेड ने यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्टि्रयल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह को इसके लिए प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने यमुना सिटी के सेक्टर-10 में 56 एकड़ जमीन की मांग की है। कंपनी की ओर से पेशगी के तौर पर 50 लाख रुपये जमा करवाए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक यमुना प्राधिकरण के अफसर प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। जल्दी ही निर्णय लिया जाएगा।
टीटागढ़ वैगंस का प्रस्ताव
यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा.अरुणवीर सिंह ने पुष्टि की है कि कंपनी ने प्रस्ताव दिया है। कंपनी एक बड़ा उत्पादन संयंत्र यमुना सिटी के दायरे में लगाना चाहती है।
यमुना सिटी के सेक्टर-10 में 56 एकड़ जमीन मांगी गई है। इस संयंत्र में वंदे भारत रेल के लिए सालाना 12,000 बोगियों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी यहां सालाना दो लाख पहियों का निर्माण करेगी। यह परियोजना करीब दो लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मुहैया करवाएगी। कंपनी करीब 27 हजार करोड़ रुपए का निवेश यहां करेगी। आपको बता दें कि टीटागढ़ वैगंस लिमिटेड कंपनी पानी के जहाज बनाने के अलावा रक्षा उपकरण और रेलवे की बोगियां बनाती है। कंपनी का मुख्यालय कोलकाता में है। अभी तक यह कंपनी भारतीय रेलवे के लिए कोच निर्माण कर रही है। इसके अलावा बेली ब्रिज और खनन से जुड़े भारी उपकरणों का निर्माण भी करती है।