नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने इस क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने, समुद्री आवाजाही व व्यापार की आजादी की रक्षा करने और समुद्री यात्रियों की सुरक्षा व भलाई के लिए लगातार कोशिशें करने की जरूरत पर भी जोर दिया। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार की दिशा तय करने पर भी चर्चा हुई। मोदी और पेजेश्कियन की दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी मुलाकात थी। ईरान के राष्ट्रपति के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने के कुछ घंटे बाद यह वार्ता हुई।
राष्ट्रपति के रूप में पेजेश्कियन की यह पहली भारत यात्रा थी। पेजेश्कियन का यह दौरा इसलिए अहम रहा क्योंकि यह ऐसे समय में हुआ जब ईरान के खिलाफ अमेरिका द्वारा नए दंडात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।













