ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच गुरुवार (23 जुलाई) की देर रात को एक के बाद एक ताबड़तोड़ एक्शन हुए।
कब क्या-क्या हुआ?
11 बजकर 04 मिनट: केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में शिक्षा सचिव विनीत जोशी का ट्रांसफर कर दिया। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया। विनीत जोशी को अब पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है।
उनके साथ-साथ 10 और सीनियर आईएएस अफसरों के तबादले किए गए।
11 बजकर 10 मिनट: पेपर लीक से जुड़े मामलों के ट्रायल के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट को नोटीफाई किया गया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाएगी। दिल्ली हाई कोर्ट ने तीस हजारी कोर्ट के मीडिएशन सेंटर की इंचार्ज जज जस्टिस अनु ग्रोवर बालीगा का तबादला राउज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल जज के तौर पर किया है। पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई यही करेंगी।
11 बजकर 52 मिनट: पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम एक वीडियो जारी किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में बताया था कि फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान के साथ मसौदे पर शुक्रवार को कैबिनेट में चर्चा होगी।
12 बजकर 32 मिनट: सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने की खबर आई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनका अनशन तुड़वाया।












