ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं और विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने हरियाणा को 14,721 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
मुख्मामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास को नई ऊंचाइयों को हुआ है। आम भारत आधारभूत ढांचे, सड़क, रेल, एक्सप्रेसवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा दुनिया के सामने विकास का नया माडल प्रस्तुत कर रहा है।
जींद की यह जनसभा पूरी तरह इको फ्रैंडली रही। जहां बड़ी संख्या में लोग सीएनजी, इलेक्ट्रिक और अन्य हरित ऊर्जा आधारित वाहनों से पहुंचे। इस आयोजन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन का शुभारंभ हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। यह ट्रेन स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
डबल इंजन सरकार के पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है। प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। हर 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है, जबकि प्रत्येक 10 किलोमीटर पर पीएम श्री और संस्कृति मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 17 मेडिकल कॉलेज संचालित है जिनमें से 11 12 वर्षों में स्थापित किए हैं। सरकार ने चुनावी संकल्पों में से 66 वादे पूरे कर दिए हैं और शेष संकल्प भी निर्धारित समय में पूरे किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा।













