ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। आयोग के सदस्यों में श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरीका शर्मा झा और रेणु भल्ला को शामिल किया गया है। इसी प्रकार दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष के रूप में निर्मल जैन की नियुक्ति की गई है। आयोग के सदस्यों में कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को नियुक्त किया गया है।
दरअसल, दिल्ली महिला आयोग जनवरी 2024 से निष्कि्रय पड़ा था। आयोग का कार्यालय बंद हो गया और धीरे-धीरे कई कर्मचारियों को भी हटा दिया गया जिस कारण महिलाओं के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने, सहायता पाने के लिए कोई प्लेटफॉर्म नहीं था। मामला हाई कोर्ट गया और इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार को इस साल फरवरी में जवाब तलब किया। स्वाति मालीवाल के जनवरी 2024 में राज्यसभा सदस्य बनने के बाद आयोग के चेयरपर्सन का पद और फिर पांच सदस्यों के पद खाली हो गए थे। फिलहाल महिला और बाल विकास विभाग की सेक्रेटरी को आयोग का जिम्मा दिया गया था।
इस बारे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार उसी विजन को आगे बढ़ाते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों को उनके अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा, सम्मानजनक अवसर और समयबद्ध न्याय उपलब्ध हो। यह कदम उनके कल्याण एवं समावेशी विकास को गति प्रदान करेगा।
कौन हैं लता गुप्ता
लता गुप्ता दिल्ली प्रदेश बीजेपी की उपाध्यक्ष थीं। इससे पहले वह दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की महामंत्री और शाहदरा जिला जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। लता गुप्ता महिला स्टैंडिंग कमिटी की अध्यक्ष भी रही हैं।
कौन हैं निर्मल जैन
निर्मल जैन लगभग 50 साल से आरएसएस के स्वयंसेवक रहे हैं। मंडल अध्यक्ष, शाहदरा जिला बीजेपी के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य के रूप में भी काम किया है। 2007 में वह दिल्ली नगर निगम के पार्षद चुने गए थे।
जिम्मेदारी: नियुक्ति के बाद शिकायतों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।













