ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना की मेजबानी में चार दिवसीय बहुराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा अभ्यास का आयोजन किया गया। इसमें 26 देशों ने भाग लिया। सुरक्षा अभ्यास दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में ‘ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस’ के तहत हुआ। कार्यक्रम का संचालन भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाली संयुक्त कार्य बल 154 (सीटीएफ-154) के तत्वावधान में संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के सहयोग से किया गया। इसमें 26 देशों के 254 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उन्हें जिन्हें 74 प्रशिक्षकों, 4 अंतरराष्ट्रीय संगठनों व विभिन्न विषय विशेषज्ञों का सहयोग मिला है।
‘ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस’ का यह पहला आयोजन भारत में किया गया। इसे भारतीय नौसेना और संयुक्त समुद्री बल के बीच बढ़ते सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। संयुक्त कार्य बल 154, जो संयुक्त समुद्री बल का समर्पित प्रशिक्षण कार्य बल है, वर्तमान में भारतीय नौसेना के नेतृत्व में कार्य कर रहा है और इसका उद्देश्य बहुराष्ट्रीय समुद्री प्रशिक्षण के माध्यम से भागीदार देशों की क्षमता, अंतर-संचालनीयता और व्यावसायिक तत्परता को मजबूत करना है।













