नई दिल्ली। दिल्ली को जाम मुक्त सड़कों के लिए चार बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया। वहीं, मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन चारों प्रोजेक्टों से सड़कों पर जाम कम होने के साथ कई इलाकों के बीच ट्रैवल टाइम कम होगा। कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।
इन प्रोजेक्ट्स से अलग-अलग इलाकों में आना-जाना आसान होगा
सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर तालमेल से राजधानी में आधुनिक, मजबूत और पब्लिक फ्रेंडली इंफ्रास्ट्रक्चर को गति मिल रही है। राजधानी में सड़क, फ्लाईओवर्स, अंडरपास और एलिवेटेड कॉरिडोर का ऐसा मजबूत नेटवर्क तैयार हो रहा है, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों के बीच आना-जाना आसान हो।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, बारापुला फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन और लोनी अंडरपास और सावित्री सिनेमा-मोदी मिल फ्लाईओवर का शिलान्यास दिल्ली को ‘कंजेश्चन फ्री’ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कहा, हमारा प्रयास है कि दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास इस तरह हो कि उसका सीधा लाभ लोगों को रोजमर्रा के सफर, समय और सुविधा में दिखाई दे।

मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन
50 मीटर लंबे इंटरपास का भी उद्घाटन किया गया। इससे वहां से रोजाना गुजरने वाली 15,900 गाड़ियों को होगा फायदा। मुकरबा चौक अंडरपास से बादली रोड पर बादली और रोहिणी की ओर से आजादपुर और जहांगीरपुरी जाने वाले यातायात को मुकरबा चौक इंटरचेंज में प्रवेश किए बिना सीधा मार्ग उपलब्ध होगा।
इनका शिलान्यास
मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर 1.15 किलोमीटर लंबा
16,400 गाड़ियों को रोजाना फायदा
₹208.99 करोड़ आएगी लागत।
फायदा: मोदी मिल से आउटर रिंग रोड होते हुए चिराग दिल्ली की तरफ सड़क का विस्तारीकरण होगा। इससे एनएच-8, आईजीआई एयरपोर्ट, नेहरू प्लेस, हीरा लाल, नौशाद पार्क, ग्रेटर कैलाश इलाके को भी फायदा होगा।
लोनी रोड अंडरपास से लोनी 540 मीटर लंबा ₹54.59 करोड़ की लागत आएगी जनवरी 2028 तक पूरा होगा
फायदा: लोनी रोड गोल चक्क र अंडरपास के निर्माण से लोनी रोड और शाहदरा के बीच यातायात बेहतर होगा। इसके निर्माण से लोनी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को गोल चक्क र पर रुकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
5 साल में 50 साल जितने काम करेंगे
सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप किए, लेकिन काम नहीं किया। यही वजह है कि 2014 में मंजूरी मिलने के बाद भी पिछली सरकार इस प्रोजेक्ट को पूरा नहीं कर पाई। हमारी डबल इंजन की सरकार बेहतर तालमेल के साथ काम कर रही है। दावा किया कि पिछली सरकारों ने 50 साल में जितना काम नहीं किया, हम 5 साल में करके दिखाएंगे। आज दिल्ली को मिलीं ये परियोजनाएं केवल सड़क, फ्लाईओवर्स और अंडरपास नहीं हैं, बल्कि दिल्लीवासियों के समय की बचत, बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाएं हैं।
जाम से मिलेगी राहत, समय की होगी बचत
बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर से मयूर विहार फेज-1 के बीच ट्रैफिक अब पूरी तरह से सिग्नल फ्री हो जाएगा। नोएडा से आने-जाने के लिए एक अलग लूप और मयूर विहार फेज-1 और पूर्वी दिल्ली की तरफ जाने के लिए अलग लूप है। दोनों लूप से आगे वाला ट्रैफिक एक जगह मर्ज होगा और करीब 500-600 मीटर दूर जाने के बाद डीएनडी और आश्रम की ओर जाने वाला ट्रैफिक एक लूप में अलग हो जाएगा। जिन्हें एम्स, आईआईटी या जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की ओर जाना है, वे सीधे निकल पाएंगे। सनलाइट कॉलोनी के पास एक और लूप है, जिससे फ्लाईओवर से उतरकर लोनी रोड पर आ जा सकता है।
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए लूप
सीएलडी-आश्रम में बारापुला फ्लाईओवर पर आने के लिए कोई लूप या रैंप नहीं है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे पार्क और सराय काले खां के बीच के ट्रैफिक को अगर मयूर विहार जाना है, तो पेट्रोल पंप के पास बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए लूप बनाया गया है। आईआईटी और एम्स से जिन लोगों को मयूर विहार जाना है, वे सीधे जा सकते हैं। इस ओर से आने वाले ट्रैफिक के लिए सराय काले खां बस अड्डा, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए लूप बनाया गया है।
सराय काले खां से मयूर विहार 5 मिनट में
सराय काले खां स्थित पेट्रोल पंप से मयूर विहार और दिल्ली-नोएडा बॉर्डर तक का सफर सिर्फ 5 मिनट में पूरा होगा। इसी तरह से एम्स से मयूर विहार तक आने में 15 से 17 मिनट का वक्त लग रहा है। तीन फेज में पूरा हुआ प्रोजेक्ट।
बारापुला फेज-3 एक नजर में
₹1635.03 करोड़ निर्माण पर हुए खर्च
4.9 किमी है मुख्य एलिवेटेड रोड की लंबाई
1.105 किमी लंबा है यमुना पर बना केबल ब्रिज
केबल ब्रिज निर्माण में लगे कुल स्पैन: 5 (तीन स्पैन 127.5 मीटर के हैं और दो 89 मीटर के)
1.40 किमी लंबा सराय काले खां साइड लूप
2.65 किमी लंबा मयूर विहार साइड लूप 850 मीटर लंबा है।
मयूर विहार साइड में बना नया फ्लाईओवर 1.5 मीटर है
फुटपाथ की चौड़ाई 2.5 किमी है साइकिल ट्रैक की लंबाई














