नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में आ रहे बड़े बदलावों, व्यापार के बदलते तौर-तरीकों, तीव्र तकनीकी विकास और जलवायु संकट के बीच ब्रिक्स समूह आज एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। उन्होंने इसे ग्लोबल साउथ (विकासशील देशों) के लिए एक अधिक लचीला, विविधतापूर्ण और समावेशी आर्थिक भविष्य तैयार करने का सुनहरा अवसर करार दिया। रामाफोसा ने बिजनेस फोरम में कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के चलते दुनिया भर के देशों और कंपनियों को यह सोचने पर मजबूर होना पड़ रहा है कि वे कहां से सामान खरीदें, कहां उत्पादन करें और कहां निवेश करें। उन्होंने कहा कि यह दौर ब्रिक्स देशों को पुरानी आर्थिक सीमाओं से बाहर निकलने का मौका देता है। ब्रिक्स का लक्ष्य सिर्फ आपसी व्यापार बढ़ाना नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्थाओं के बीच गहरे उत्पादक संबंध स्थापित करना होना चाहिए।













