नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन के व्यस्त कार्यक्रम के बाद रात्रिभोज का मौका ऐसा था, जहां अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को भारत की समृद्ध खाद्य विरासत से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें घर जैसा महसूस कराया गया। भव्य रात्रिभोज में श्रीअन्न के व्यंजन परोसे गए। बाजरे पर आधारित विशिष्ट भारतीय शाकाहारी व्यंजन और पारंपरिक भारतीय मिठाइयों का मेहमानों ने लुत्फ उठाया। रात्रिभोज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में विभिन्न देशों के नेताओं के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की। इस दौरान 100 से अधिक कलाकारों के समूह ने ब्रिक्स सिम्फनी प्रस्तुति की। रात्रिभोज में मेनू कार्ड को अंग्रेजी और हिंदी, दोनों भाषाओं में मेहमानों के सामने प्रस्तुत किया गया। मेनू कार्ड पर पारंपरिक भारतीय सजावटी बार्डर बना हुआ था।
रात्रिभोज में बाजरा मुख्य आकर्षण रहा। मेनू में एक विशेष नोट में ‘श्री अन्न’ के महत्व पर प्रकाश डाला गया, जिसमें बाजरा को पोषक तत्वों से भरपूर अनाज बताया गया। भोजन में तीन प्रकार के बाजरे का इस्तेमाल किया गया था। पुलाव में मोती बाजरा, भारतीय रोटी में ज्वार और मिठाई में खलिहान चाजरा। रात के खाने की शुरुआत दो स्टार्टर्स से हुई। सरसों, नारियल और करी पत्ते से सजे हुए भाप में पके हुए बेसन के रोल थे, जिन्हें केसर आम, माइक्रो-ग्रीन्स और दही की ड्रेसिंग के साथ परोसा गया था।
खुम्ब गलौटी में पुदीने की पत्तियों के साथ परोसे जाने वाले नरम, पैन-ग्रिल्ड मशरूम कबाब शामिल थे, जिन्हें शीरमाल ब्रेड के ऊपर रखा गया था। मेन कोर्स के मुख्य व्यंजन में पनीर लबाबदार शामिल था, जिसमें नरम पनीर के टुकड़ों को प्याज और टमाटर की गाढ़ी ग्रेवी में पकाया गया था।
गुच्ची मार्मिक का अतिथियों ने लुत्फ उठाया। इस व्यंजन को तैयार करते हुए हिमालयी मोरेल मशरूम और कोमल शतावरी को केसर, किशमिश और मामरा बादाम के साथ धीमी आंच पर पकाया गया।














