ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने 12 नए आईपीएस अधिकारियों को जिलों में तैनाती दे दी है। इनमें से एक नाम जौनपुर की रहने वाली सृष्टि मिश्रा का भी है। उनकी तैनाती मथुरा में की गई है। इनकी यूपीएससी जर्नी काफी कमाल की रही है। उन्होंने दूसरे अटेंप्ट में ही यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा को क्रैक किया था। वो 2024 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हें यूपी कैडर मिला था। हालांकि सृष्टि मिश्रा को सफलता आसानी से नहीं मिली थी। चलिए आज हम आपको उनकी सक्सेस स्टोरी बताते हैं।
कौन हैं सृष्टि मिश्रा
मूल रूप से यूपी के जौनपुर की रहने वाली सृष्टि मिश्रा की स्कूली शिक्षा ज्यादातर विदेशों में हुई। उनके पिता आदर्श कुमार मिश्रा विदेश मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी हैं। मां बबीता मिश्रा गृहणी हैं। वो शुरू से ही पढ़ाई में तेज तर्रार रही हैं। हालांकि उनकी स्कूली पढ़ाई 6 देशों से हुई।
दरअसल, पिता की ट्रांसफरेबल नौकरी के कारण सृष्टि ने 4 वर्ष की उम्र से ही कई देशों की यात्रा की। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई डरबन (दक्षिण अफ्रीका), बेरूत (लेबनान), स्विट्जरलैंड, किनशासा (कांगो), और कंबोडिया (11वीं-12वीं) में पूरी की, जबकि 10वीं कक्षा भारत में पढ़ी। अंतरराष्ट्रीय स्कूलों में पढ़ाई के कारण उनका अंग्रेजी बोलने का लहजा थोड़ा अमेरिकन है, लेकिन वे घर पर हिंदी और अवधी भाषा बोलती हैं।
डीयू से की ग्रेजुएशन
सृष्टि उच्च शिक्षा के दौरान फरीदाबाद में अपनी मौसी के घर पर रहीं। वहीं रहकर उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। इसी दौरान उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि उन्हें अपने पहले प्रयास में वह प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाईं लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दूसरी बार और लगन से अटेम्प्ट दिया।
इकोनॉमिक्स का बैकग्राउंड
सृष्टि का कॉलेज में इकोनॉमिक्स का बैकग्राउंड था और विषय के प्रति गहरी रुचि (पैशन) थी, इसलिए उन्होंने इकोनॉमिक्स को अपना ऑप्शनल चुना। उन्होंने दूसरे अटेंप्ट में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक 95वीं हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी बनीं।
8-10 घंटे करती थीं पढ़ाई
सृष्टि के पिता और परिवार वालों का सपना था कि वो आईएएस या आईपीएस बनें। परिवार वालों का सपना पूरा करने के लिए सृष्टि दिन में 8-10 घंटे प्रतिदिन पढ़ाई किया करती थी। जीएस के लिए उन्होंने कोई कोचिंग इंस्टीट्यूट ज्वाइन नहीं किया, बल्कि सेल्फ स्टडी करती थी उन्होंने कॉलेज के पहले साल से ही यूपीएससी की पढ़ाई शुरू कर दी थी।
कैसे की तैयारी
3-4 सालों तक एक ही मानक किताबों का बार-बार रिवीजन करने के कारण उनका बेस बहुत मजबूत हो गया था, जिससे उन्हें अलग से कोचिंग की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रीलिम्स परीक्षा के बाद उन्होंने लगभग 15 दिनों का ब्रेक लिया। मेन्स के लिए उपलब्ध लगभग 100 दिनों में से उन्होंने 1 महीना पूरा ऑप्शनल को समर्पित किया और 2 महीने जीएस की तैयारी व रिवीजन में लगाए। उन्होंने अधिक से अधिक मेन्स टेस्ट सीरीज हल कीं और परीक्षा की थकान को देखकर पढ़ाई के साथ-साथ पर्याप्त आराम भी लिया।














