ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। बिहार के चंपारण से निकलकर दुनिया भर में देश का नाम रोशन करने वाले आदर्श कुमार की सक्सेस स्टोरी संघर्ष और जुनून की मिसाल है। खेलने-कूदने की उम्र में गरीबी ने जिम्मेदारियों का एहसास करा दिया था। सपना आईआईटी जाने का था, लेकिन कोचिंग की महंगी फीस रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा थी। फिर भी आदर्श ने हार मानी और आज ब्रिटेन का सबसे खास अवॉर्ड पाने वाले पहली भारतीय बने।
आदर्श कुमार, बिहार में चंपारण के बेहद गरीब परिवार से आते हैं। उनकी मां ने अकेले दम पर घर संभाला है। उन्होंने घर चलाने और बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए लोगों के घरों में साफ-सफाई का काम किया। उन हालतों में भी आदर्श की प्रतिभा कम नहीं हुई। महज 13 साल की उम्र में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर काम करने के लिए इस सामुदायिक पहल की सह-स्थापना की। उनका सपना आईआईटी में जाने का था।
14 की उम्र में 1000 रुपये लेकर घर छोड़ा
मां ने घर-घर काम किया और बेटे की प्रतिभा को देखते हुए पूरी जमा पूंजी लगाकर एक लैपटॉप दिलाया। यही आगे चलकर आदर्श के लिए कोचिंग और एंटरप्रिन्योरशिप सीखने का सबसे बड़ा जरिया बना।
वे महज 14 साल की उम्र में जेब में 1000 रुपये लेकर घर से निकल गए ताकि कोटा जाकर जेईई मेन और एडंवास्ड की तैयारी कर सकें। लेकिन कोचिंग की महंगी फीस के चलते कहीं एडमिशन नहीं ले पाए। उस वक्त भी उन्होंने हार मानने के बजाय नया रास्ता तलाशा।
फ्री वाई-फाई, पब्लिक लाइब्रेरी और ऑनलाइन मेंटर्स से ली मदद
पैसों की कमी के चलते आईआईटी-जेईई की कोचिंग लेना मुश्किल था। तब आदर्श पब्लिक लाइब्रेरी और मुफ्त वाई-फाई का सहारा लिया। इसी के जरिए उन्होंने ऑनलाइन मेंटर्स से कॉन्टेक्ट करना शुरू किया, इंटर्नशिप के मौके तलाशे और सफल एंटरप्रेन्योरशिप की बारीकियां सीखीं।
16 साल की उम्र में बनाया एजुकेशन प्लेटफॉर्म
साल 2023 में जब आदर्श महज 16 साल के थे, तब उन्होंने ‘स्किल्जो’ नाम का एक एजुकेशनल प्लेटफॉर्म शुरू किया। इसका मकसद गरीब और जरूरतमंद छात्रों को सही मेंटरशिप, उद्यमिता की ट्रेनिंग और करियर के मौके उपलब्ध कराना है। इतनी कम उम्र में एक संगठन चलाना आसान नहीं था और शुरुआत में लोगों का भरोसा जीतना उनके लिए बड़ी चुनौती थी लेकिन ‘तेजी से सफल होकर सीखने’ की सोच के साथ वे आगे बढ़ते रहे। उनकी इस मेहनत ने 25,000 से अधिक छात्रों को शिक्षा और करियर के नए अवसरों से जोड़ा।














