ब्लिट्ज ब्यूरो
तिरुपति। तिरुमला के तिरुपति मंदिर में चेन्नई के एक भक्त ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इनकी कीमत करीब 208 करोड़ रुपए है। यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने दिया। दान मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुआ।
दान में 9 सेट में रखे 45 जेवर और 238.2 कैरेट के हीरे शामिल हैं। दंपती ने मंदिर में भगवान वेंकटेश का मुकुट और पैरों के आभूषण भी चढ़ावे में दिए।
तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है। ये जेवर 8 बक्सों में भरकर लाए गए। जेवरों को बनाने में 15 महीने लगे। इन जेवरों को प्रदर्शित किया गया। इसमें सोने का बाघ का नाखून, कई तरह की चेन, मुकुट, रत्न और अन्य आभूषण शामिल थे। 9 सेट में 45 गहने सिर से पैर तक भगवान को सजाने के लिए लाए गए हैं। दान किए गए रत्नों और आभूषणों में से 106 किलो सोने के आभूषण भगवान के लिए थे, जबकि देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को 15 किलो वजन के आभूषण/पोशाक भेंट की गईं।

भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में 10 करोड़ रुपये का महादान
तिरुपति। हैदराबाद के एक श्रद्धालु ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा संचालित श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट को 10 करोड़ रुपये का दान दिया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, कोडाली श्रीकांत ने श्रीवारी मंदिर के रंगनायकुला मंडपम में टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी सीएच वेंकैया चौधरी को दान का चेक सौंपा।अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ने इस योगदान के लिए दानदाता की सराहना की। श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट तिरुमला आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराता है। इस सेवा के तहत प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को भोजन कराया जाता है।














