ब्लिट्ज ब्यूरो
पोहुमारा (असम)। टूटे पैर के साथ अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे 7 हफ्ते के नन्हें हाथी ‘राजा’ को नई जिंदगी देने की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं, अनंत अंबानी की मदद से अब उसका विशेष इलाज गुजरात के जामगर स्थित ‘वनतारा’ में किया जाएगा। दरअसल, जन्म के दिन से ही टूटे हुए पैर के साथ जिंदगी की जंग लड़ रहे नन्हें हाथी को आपातकालीन इलाज के लिए असम से 2,500 किलोमीटर दूर गुजरात के जामनगर के लिए एयरलिफ्ट किया जा रहा है। जहां उसे अस्पताल में इंटेंसिव केयर मिलेगी।
बता दें, पिछले 7 हफ्तों से वनतारा की पशु चिकित्सकों की टीम असम के पोहुमारा में हाथी के मालिक के घर पर ही उसका इलाज कर रही थी। हालांकि, अब उसकी हालत इतनी नाजुक हो गई है कि अस्पताल में भर्ती कराना ही उसके ठीक होने का एकमात्र रास्ता बचा है। चूंकि वह इतना छोटा और कमजोर है कि सड़क मार्ग से 2500 किलोमीटर से ज्यादा लंबी दूरी तय नहीं करता था, इसलिए उसे एयरलिफ्ट करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प चुना गया।
राजा की हालत को देखकर और उसके दर्द को समझते हुए वनतारा के संस्थापक अनंत अंबानी इस आपातकालीन एयरलिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगे आए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि नन्हें हाथी को समय पर विशेष चिकित्सा देखभाल मिल सके। यह उनके सहयोग से भारत में हुआ अपनी तरह का तीसरा एयरलिफ्ट है, जो जानवरों की मदद करने के उनके निरंतर प्रयासों को दिखाता है।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने इस बारे में कहा कि, ”राजा इस दुनिया में एक टूटे हुए पैर के साथ आया था, लेकिन उसके हौसले नहीं टूटे थे। सात हफ्तों तक उसने अपने नन्हें शरीर से बड़े साहस के साथ संघर्ष किया है। अब उसे संभालने की हमारी बारी है। अनंत अंबानी की करुणा और सहयोग से, सड़क मार्ग से जिस सफर में कई दिन लग जाते, वह हवाई मार्ग महज कुछ घंटों में पूरा हो जाएगा। हम उसे खड़े होने, चलने और एक दिन दौड़ने का हर संभव मौका देंगे।”
एक मुश्किल शुरुआत
राजा का जन्म 2 अक्तूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। उसकी मां, जो खुद केवल 11 साल की थी, काफी छोटी और अनुभवहीन थी। जन्म के बाद डरी हुई और घबराई हुई मां ने अपने नवजात बच्चे को लात मार दी, जिससे राजा के दाहिने फीमर यानी पिछले पैर की जांघ की बड़ी हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।














