ब्लिट्ज ब्यूरो
चेन्नई। चेन्नई के कंपोजर-सिंगर देवन एकंबरम और गायिका सुशा के तमिल गाने ‘वरुवाई’ ने ग्रैमी नॉमिनेशन हासिल किया है। 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 की नॉमिनेशन लिस्ट में ‘वरुवाई’ को ‘बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में चुना गया है।ग्रैमी के इतिहास में नॉमिनेट होने वाला यह पहला तमिल गाना है। साथ ही, 2027 के ग्रैमी अवॉर्ड्स में यह भारत की इकलौती आधिकारिक एंट्री भी है। महाकवि सुब्रमण्यम भारती की 100 साल पुरानी कविता पर आधारित इस गाने को बिना किसी रिकॉर्ड लेबल के रिलीज किया गया था।
लॉटरी टिकट जीतने जैसा अनुभव
करीब तीन दशकों से संगीत की दुनिया में सक्रिय भारतीय-अमेरिकी कंपोजर और प्लेबैक सिंगर देवन एकंबरम ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ उनके और सुशा के लिए ही नहीं, बल्कि तमिल संगीत और महाकवि भारती की रचना के लिए भी गर्व का पल है।
मीडिया से बातचीत में देवन ने बताया कि इस कैटेगरी में 526 एंट्रीज के बीच कई बड़े नाम शामिल थे, इसलिए उन्हें उम्मीद 50 प्रतिशत ही थी। देवन के मुताबिक, उनसे कहा गया था कि ग्रैमी नॉमिनेशन के लिए मार्केटिंग पर कम से कम 20,000 डॉलर (लगभग 18.70 लाख रुपए) खर्च करने होंगे, लेकिन उन्होंने कोई पेड कैंपेन नहीं चलाया और पूरा प्रमोशन सिर्फ इंस्टाग्राम के जरिए किया। इस उपलब्धि को लॉटरी टिकट जीतने जैसा बताते हुए उन्होंने कहा कि अब वे जीवनभर के लिए ग्रैमी नॉमिनी बन गए हैं और यह सम्मान उनसे कोई नहीं छीन सकता।
ब्रिटिश राज में लिखा गया था यह कृष्ण भजन
‘वरुवाई’ गाने का बैकग्राउंड खास है। इस गीत के बोल तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने करीब 100 साल पहले ब्रिटिश हुकूमत के दौर में लिखे थे। उन्होंने इसे भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित एक भजन के रूप में रचा था। इस कविता में कवि भगवान कृष्ण को पुकारते हुए अपने जीवन के अंधेरे को दूर करने की प्रार्थना करते हैं। साथ ही, वे श्रीकृष्ण से समाज की बुराइयों को खत्म करने और सही मार्ग दिखाने का आग्रह करते हैं। देवन एकंबरम ने पारंपरिक भक्ति कविता को आधुनिक संगीत के साथ जोड़कर एक नया रूप दिया है। शास्त्रीय संगीत के ‘राग देस’ पर आधारित इस रचना में पारंपरिक भाव और समकालीन धुनों का संतुलन देखने को मिलता है।














