शेनझेन (चीन)। पहली बार दुनिया की तीन महाशक्तियों अमेरिका, रूस और चीन के शीर्ष नेता साथ बैठे तो इतिहास बन गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की इस पहली त्रिपक्षीय बैठक में वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सहयोग पर जोर रहा।
रूस, चीन, अमेरिका में 4 सहमति, लेकिन बड़ा फैसला नहीं
दुनियाभर की नजरों में रहने वाली इस बैठक में हालांकि, किसी बड़े समझौते पर सहमति नहीं बन सकी, लेकिन बैठक के बाद जारी साझा घोषणा में कहा गया- तीनों देश वैश्विक चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र में सुधार की दिशा में काम करेंगे। वैश्विक संघर्षों से उपजे ऊर्जा संकट को कम करने के लिए पेट्रोलियम का प्रॉडक्शन और सप्लाई बढ़ाएंगे। एटमी खतरों को कम करने और एटमी हथियारों का प्रसार रोकने की दिशा में बातचीत करेंगे।
करीब 90 मिनट चली बैठक में सबसे पहले एटमी हथियारों के खतरों पर बात हुई। तीनों नेताओं ने कहा कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और यह कभी लड़ा भी नहीं जाना चाहिए। चीन के राष्ट्रपति शी ने परमाणु हथियारों को इंसानियत के सिर पर लटकती तलवार बताया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी हम तीनों देशों की है। ट्रंप ने होर्मुज को खोलने और ईरान व यूक्रेन जंग पर भी बात रखी।
हालांकि साझा घोषणा में ईरान और यूक्रेन जंग को जगह नहीं मिली। तीनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यानी आईसीसी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेताओं और अधिकारियों को इस अदालत की कार्रवाई से छूट मिलनी चाहिए और इसे अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। यहां गौरतलब है, आईसीसु ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ युद्ध अपराधों के आरोप में गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया है। अमेरिका ने भी इस अदालत और उसके अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए है।














