ब्लिट्ज ब्यूरो
चेन्नई। तमिलनाडु के सिनेमाघरों में अब नई फिल्मों की रिलीज के पहले हफ्ते में दिन भर में छह शो तक दिखाए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है। नए फैसले के बाद अब तमिलनाडु में सुबह 6:00 बजे से लेकर रात 2:30 बजे तक शो चलाए जा सकेंगे। फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों और राज्य के मंत्रियों के बीच हुई बातचीत के बाद आए इस फैसले से मल्टीप्लेक्स मालिकों ने राहत की सांस ली है।
चेन्नई में ‘वेट्री थियेटर’ नाम के मल्टीप्लेक्स के मालिक राकेश ने इस घोषणा पर काफी खुशी जताई है। उन्होंने इसे कई हफ्तों की अनिश्चितता और प्रशासनिक परेशानियों के बाद मिली एक बड़ी जीत बताया है।
पहले एक दिन में होते थे 4 शो
इंडस्ट्री को पहले किन मुश्किलों का सामना करना पड़ा, इस पर राकेश ने कहा कि जब तक सरकार से विशेष अनुमति नहीं मिल जाती, तब तक हम बुकिंग शुरू नहीं कर पाते थे। कुछ फिल्मों को अनुमति मिल जाती थी, जबकि कुछ को नहीं। यह बहुत बड़ी परेशानी थी। तमिलनाडु सिनेमा (विनियमन) नियम, 1957 के तहत, सिनेमाघरों में एक दिन में केवल चार शो दिखाने की ही सख्त पाबंदी थी।
पांचवां शो दिखाने के लिए बड़ी थकाऊ प्रॉसेस थी
हालांकि, मौजूदा प्रशासन ने पहले ही रिलीज के शुरुआती हफ्तों, वीकेंड और सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान पांचवां शो दिखाने की अनुमति दे दी थी, लेकिन सिनेमाघर मालिकों को इसके लिए बार-बार लंबी और थकाऊ मंजूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।













