बस्तर। जंगलों में कभी गोलियों की गूंज और नक्सली हिंसा का खौफ था, आज उसी बस्तर में विकास और शांति की नई उम्मीद दिखाई दे रही है। इस बदले हुए माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार दीपावली का त्योहार बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाया।
उन्होंने कहा कि 2026 की दीपावली इसलिए खास है, क्योंकि देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों लंबी लड़ाई में जीत हासिल की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में जुटे सभी जवान उनके परिवार का हिस्सा हैं।
जवानों के साथ हर दीपावली रही यादगार
प्रधानमंत्री ने कहा कि दीपावली परिवार के साथ खुशियां बांटने का त्योहार है। लोग इस दिन दूर-दराज से अपने घर लौटते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा में तैनात जवान अपने परिवार से दूर रहकर भी करोड़ों लोगों की खुशियों की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में कारगिल और लेपचा से लेकर समुद्र किनारे सर क्रीक और समुद्र में तैनात आईएनएस विक्रांत तक, जवानों के साथ मनाई गई हर दीपावली उनके लिए यादगार रही है। इस बार बस्तर के जंगलों में जवानों के बीच त्योहार मनाना उनके लिए विशेष अनुभव है।
नक्सलवाद का खात्मा बड़ी उपलब्धि
पीएम मोदी ने बस्तर के बदले हालात का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही धरती है, जहां कभी नक्सली आतंक ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। शाम होते ही कई इलाकों में सन्नाटा पसर जाता था।
नक्सलियों के डर से लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल तक नहीं कर पाते थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस, तपस्या और बलिदान ने इस तस्वीर को बदलने में अहम भूमिका निभाई है। आज बस्तर में विकास की नई राह खुल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय देश के करीब 20 राज्यों के 230 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। यह लड़ाई केवल हथियारों की नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने की भी थी। उन्होंने 2026 की दीपावली को इसलिए ऐतिहासिक बताया कि उनके अनुसार अब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
सभी जवानों को किया सलाम
प्रधानमंत्री ने देश की आंतरिक सुरक्षा में जुटे सीआरपीएफ, कोबरा, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, आईआरबी और राज्य पुलिस के जवानों के योगदान की सराहना की।














