नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दादा की संपत्ति में पोते का जन्म से कोई अधिकार नहीं होता बल्कि पिता को हिस्सा मिलने के बाद उसका अधिकार बनेगा। सुप्रीम कोर्ट ने संपत्ति के उत्तराधिकार से जुड़े एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि दादा की संपत्ति का बंटवारा हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम , 1956 की धारा 8 के तहत उनके क्लास-1 वारिसों के बीच हो जाता है, तो पिता के हिस्से में आई संपत्ति उसकी निजी संपत्ति मानी जाएगी। ऐसे में पोता उस संपत्ति में जन्म से अपना हिस्सा नहीं मांग सकता। पिता के जीवित रहते बेटा केवल इस आधार पर संपत्ति के बंटवारे का दावा नहीं कर सकता कि वह दादा की पैतृक संपत्ति थी।
क्या था मामला?
नाबालिग बेटे (याची) ने मां के जरिए 1997 में मुकदमा दायर कर जमीन में आधा हिस्सा और कब्जा मांगा। चेन्नई की सिटी सिविल कोर्ट ने उसके पक्ष में शुरुआती बंटवारा डिक्री पारित की। हालांकि, प्रथम अपीलीय अदालत ने इसे पलट दिया। मद्रास हाईकोर्ट ने भी कहा कि धारा 8 के तहत पिता को मिली संपत्ति पर बेटे का जन्म से कोई अधिकार नहीं है।
धारा 8 के तहत उत्तराधिकार का नियम
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 8 के तहत किसी हिंदू पुरुष की बिना वसीयत मृत्यु होने पर उसकी संपत्ति पहले क्लास-1 के कानूनी वारिसों को मिलती है। बेटे का बेटा यानी पोता इस श्रेणी में सीधे वारिस नहीं है, जब उसका पिता जीवित हो। इसलिए दादा की संपत्ति में पिता को मिले हिस्से पर पोते का जन्म से अधिकार नहीं बनता। धारा 8 के तहत पिता को मिली संपत्ति उसकी व्यक्तिगत है, वह अपने परिवार के लिए संयुक्त हिंदू परिवार के कर्ता (कर्ता यानी परिवार की संपत्ति का प्रबंधन करने वाला मुखिया) के रूप में इसे नहीं रखता।













