चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने ‘पेरुंथलैवर कामराज फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम’ (मुफ़्त नाश्ता योजना) के विस्तार का उद्घाटन किया। इस दौरान चेन्नई के थिरुवनमियूर में गांधी ग्रामम के सरकारी मिडिल स्कूल में वह छात्रों को खाना परोसते हुए नजर आए। सीएम ने पहले बच्चों के खुद अपने हाथों से खाना परोसा। उसके बाद उनके बीच खुद नाश्ता करने बैठ गए। इस दौरान वह बच्चों के साथ बातचीत करते भी दिखे।
इस विस्तार के तहत, सुबह का मुफ्त भोजन दिया जाएगा। पहले कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों के लिए ही मॉर्निंग मील दिया जाता था। अब सीएम विजय ने इसे बढ़ाकर कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए कर दिया है। आज से तमिलनाडु के हर सरकारी स्कूल में कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक के बच्चों को नाश्ता भी दिया जाएगा।
इस विस्तार से तमिलनाडु के 15,454 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में लगभग 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस विस्तार के लिए अतिरिक्त 217.63 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।














