नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को टाइम मैगजीन की ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ लिस्ट में जगह मिली है। यह दुनिया के उभरते सितारों की सालाना लिस्ट है। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी से पहचान बना रहे लोगों को शामिल किया जाता है।
15 साल के वैभव इस लिस्ट में शामिल सबसे कम उम्र के सदस्य हैं। टाइम ने उन्हें खेल जगत के तेजी से उभरते सितारों यानी राइजिंग स्टार्स की कैटेगरी में रखा है।
वैभव 7 खिलाड़ियों की इस लिस्ट में शामिल इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके साथ अमेरिकी फुटबॉलर आर्चीबाल्ड मैनिंग, एनबीए खिलाड़ी टाइरिस मैक्सी, फुटबॉलर नाओमी गिरमा और फोलारिन बालोगन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईला और बास्केटबॉल खिलाड़ी ओलिविया माइल्स भी हैं।
पिछले साल यशस्वी को जगह मिली थी
टाइम मैगजीन ने 2025 में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को टाइम 100 नेक्स्ट में जगह दी थी।
सबसे कम उम्र में डेब्यू
वैभव ने जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। मैनचेस्टर में खेले गए मैच में वे भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वैभव अब तक 6 टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं। उनके नाम 193 रन हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 81 रन है।
12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू
वैभव ने 2024 में बिहार की ओर से रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। तब उनकी उम्र 12 साल थी। वे कम उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलने वाले भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हुए। 2024 में ही राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल ऑक्शन में 1 करोड़ रुपए में खरीदा। तब वे 13 साल के थे।
35 गेंदों में शतक
वैभव ने आईपीएल 2025 में 7 पारियों में 252 रन बनाए। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया। यह उस समय किसी भारतीय बल्लेबाज का आईपीएल में सबसे तेज शतक था।














