लखनऊ। लखनऊ ने स्वच्छ हवा के मामले में देशभर में अपनी खास पहचान बनाई है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में लखनऊ ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि शहर के वार्ड-70 को भी देश का सर्वश्रेष्ठ वार्ड चुना गया है। इस उपलब्धि के लिए लखनऊ को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ वार्ड का सम्मान
स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए कार्यों के लिए वार्ड-70 को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इससे लखनऊ की स्वच्छता और बेहतर वायु गुणवत्ता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिली है
मेयर और नगर आयुक्त ने दिल्ली में प्राप्त किया सम्मान
लखनऊ की इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए मेयर और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मान प्राप्त किया। यह सम्मान पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से दिया गया। एनसीएपी के तहत मिली पहली रैंक लखनऊ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
स्वच्छता रहेगी शहर की प्राथमिकता
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि लखनऊ में स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
स्वच्छ हवा के साथ शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने पर भी लगातार जोर दिया जाएगा। लखनऊ को मिला यह राष्ट्रीय रैंक शहर में स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।














