ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) राजधानी दिल्ली में घर खरीदने की चाहत रखने वाले नौकरीपेशा लोगों को सुनहरा मौका दे रहा है। डीडीए की कर्मयोगी आवास योजना सेवारत और रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों के लिए है, जिसका लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा।
योजना के तहत उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला (सेक्टर ए1 से ए4 और पॉकेट-11) में स्थित 1224 रेडी-टू-मूव फ्लैट्स पर 25 प्रतिशत की भारी छूट दी जा रही है। खास बात यह है कि इस योजना के तहत वो लोग भी आवेदन कर सकते हैं जिनके पास दिल्ली या अन्य जगहों पर पहले से प्रॉपर्टी है। एक आवेदक अलग-अलग श्रेणियों में कई फ्लैट भी खरीद सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का देश का नागरिक और न्यूनतम उम्र 18 वर्ष का होना जरूरी है। यह योजना मुख्य रूप से दो श्रेणियों के पेशेवरों के लिए है:
सरकारी व सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारी: केंद्र/राज्य सरकार, पीएसयू , स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक बैंकों, स्थानीय निकायों, सरकारी विश्वविद्यालयों और अस्पतालों के सेवारत या रिटायर्ड नियमित कर्मचारी।
पेशेवर: डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), आर्किटेक्ट, टाउन प्लानर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और शिक्षक।
किस श्रेणी में कितने फ्लैट्स और क्या है बुकिंग राशि?
1-बीएचके (ब्लॉक वाई): 384 फ्लैट्स | क्षेत्रफल: 60–61 वर्ग मीटर | बुकिंग राशि: ₹50,000
2-बीएचके (ब्लॉक ए, बी, सी): 432 फ्लैट्स | बुकिंग राशि: ₹4,00,000
3-बीएचके (ब्लॉक क्यू,आर, एस ): 408 फ्लैट्स | क्षेत्रफल: 164–184 वर्ग मीटर | बुकिंग राशि: ₹10,00,000
कब से होगी बुकिंग?
इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन डीडीए के आधिकारिक पोर्टल पर 24 जुलाई से रजिस्ट्रेशन जारी है जबकि बुकिंग प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हो चुकी। यह 30 अक्टूबर (या सभी फ्लैट्स बुक होने तक) चलेगी।













