ब्लिट्ज ब्यूरो
धनबाद। आईआईटी, आईएसएम धनबाद के 2026 बैच के छात्र-छात्राओं की बल्ले-बल्ले हो रही है। बीटेक समेत अन्य कोर्स के छात्र-छात्राओं को देश-विदेश की नामी-गिरामी कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट के दौरान हाथों-हाथ लपकते हुए रोजगार दिया। कैंपस प्लेसमेंट में चार छात्र-छात्राओं को एक करोड़ रुपए से अधिक का पे पैकेज मिला है। इनमें तीन छात्रों को 1.59 करोड़ रुपए सालाना व एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपए सालाना पैकेज मिला है। 1.59 करोड़ रुपए का पैकेज अमेजन जापान की ओर से देने की चर्चा है। संस्थान ने इन चार छात्र-छात्राओं के नाम, ब्रांच व सीटीसी को गोपनीय रखा है।
अब तक का सर्वाधिक पे पैकेज
इसे अब तक का सर्वाधिक पे पैकेज माना जा रहा है। वहीं कोर्स वाइज सीटीसी की बात करें तो एमएससी के छात्रों को सबसे कम औसतन 9.16 लाख सालाना पे पैकेज मिला है। सर्वाधिक औसतन सीटीसी डुएल डिग्री (बीटेक प्लस एमटेक) को 31.07 लाख मिला है।
1153 विद्यार्थियों को जॉब ऑफर
संस्थान के कॅरियर डेवलपमेंट सेंटर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 का कैंपस प्लेसमेंट डेटा जारी कर दिया है। संस्थान के 1153 विद्यार्थियों को जॉब ऑफर मिला। इनमें से 214 को प्री प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुआ। महत्वपूर्ण यह है कि छह छात्रों (बीटेक से 1, इंटीग्रेटेड एमटेक से 2, एमटेक से 3) को विदेशी कंपनियों ने इंटरनेशल जॉब ऑफर दिया है। वहीं पीएसयू से 67 को नौकरी मिली। देश के अंदर कंपनियों ने संस्थान के 1016 छात्रों को नौकरी ऑफर दिया।
350 से ज्यादा कंपनियां आईं ं
फुल टाइम हायरिंग के लिए 350 से ज्यादा कंपनियां आईआईटी आईएसएम धनबाद पहुंचीं। 275 से अधिक छात्रों को 20 लाख से अधिक का पे पैकेज मिला, जबकि 10 से 20 लाख पे पैकेज का ऑफर 422 छात्रों को दिया गया। 6 से 10 लाख तक सीटीसी का ऑफर 338 छात्र-छात्राओं को मिला।














