ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने विगत दिवस राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का एलान किया। 12 साल में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं दिया गया। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था।
इस साल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इनमें चेस खिलाड़ी दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, एथलीट तेजस्विन शंकर और बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद व तृषा जॉली जैसे नाम शामिल हैं। फुटबॉल के दिग्गज 84 साल के आई. अरुमायनायगम को अर्जुन अवॉर्ड की लाइफटाइम कैटेगरी में चुना गया है। वे 1962 के जकार्ता एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।
दिव्या ने फिडे विमेंस वर्ल्ड कप का खिताब जीता था
चेस में दिव्या देशमुख और विदित गुजराती को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। दिव्या ने 2025 में फिडे विमेंस वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। वह भारत की प्रमुख महिला चेस खिलाड़ियों में शामिल हैं।
बैडमिंटन में गायत्री-तृषा को सम्मान
बैडमिंटन में गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। दोनों महिला डबल्स में भारत की प्रमुख खिलाड़ियों में रही हैं। त्रिशा जॉली-गायत्री गोपीचंद ने 2025 में जीता था सैयद मोदी इंटरनेशनल का महिला डबल्स खिताब।
तेजस्विन शंकर भी सम्मानित
एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर को अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा। वह हाई जंप के साथ डेकाथलॉन में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में डेकाथलॉन में मेडल जीतकर उन्होंने इतिहास बनाया था।














