ब्लिट्ज ब्यूरो
देहरादून। चैत्र नवरात्र 22 मार्च से शुरू हो चुके हैं। इस बार उत्तराखंड में इन्हें नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक जिले में देवी उपासना के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहें हैं। इसके लिए संस्कृति विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को एक-एक लाख रुपये का बजट दिया है।
संस्कृति विभाग के सचिव हरिचन्द्र सेमवाल के अनुसार चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान के साथ पूजा का कार्यक्रम है। वैदिक पुराणों में चैत्र नवरात्रि का विशेष महत्व बताया गया है। इसे आत्मशुद्धि व मुक्ति का आधार माना गया है। चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा का पूजन करने से नकरात्मक ऊर्जा खत्म होती है और चारों ओर एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे में 22 मार्च से 30 मार्च तक नवरात्र उत्तराखंड में नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत दुर्गा सप्तमी, रामचरितमानस, देवी गायन, देवी जागरण आदि पाठ आयोजित हो रहे हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं की इन कार्यक्रमों में विशेष रूप से सहभागिता हो रही है।