मुंबई। दीपिका पादुकोण 12 मार्च को होने वालीऑस्कर अवॉर्ड्स सेरेमनी में प्रेजेंटर के रूप में शामिल होंगी। इससे पहले सिर्फ दो ही भारतीयों को यह उपलब्धि मिली है।
दीपिका पादुकोण के खाते में एक और उपलब्धि आई है। उन्होंने खुद यह जानकारी शेयर की है कि वह ऑस्कर पुरस्कार प्रेजेंट करेंगी। यह तीसरा मौका होगा जब कोई भारतीय ऑस्कर अवॉर्ड्स प्रेजेंट करेगा। इससे पहले 2016 में प्रियंका चोपड़ा और 1980 में पूर्व मिस इंडिया पर्सिस खंबाटा ऑस्कर अवॉर्ड्स में प्रेजेंटर के रूप में शामिल हो चुकी हैं। भारतीय समयानुसार 13 मार्च की सुबह 5.30 बजे अवॉर्ड सेरेमनी शुरू होगी।
दीपिका समेत 16 प्रेजेंटर
दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम पर ऑस्कर 2023 हैशटैग के साथ एक लिस्ट शेयर की है, जिसमें उनके साथ-साथ सभी प्रेजेंटर के नाम शामिल हैं। इस फंक्शन को रिज अहमद, एमिली ब्लंट, ग्लेन क्लोज, जेनिफर कॉनेली, एरियाना डीबोस, सैमुअल एल जैक्सन, ड्वेन जॉनसन, माइकल बी जॉर्डन, ट्रॉय कोत्सुर, जोनाथन मेजर्स, मेलिसा मैक्कार्थी, जेनेल मोनाए, क्वेस्टलोव, जो सलदाना और डोनी येन जैसे एक्टर्स भी प्रेजेंट करेंगे।
दीपिका की फीफा की उपलब्धि
दीपिका पादुकोण ने पिछले साल फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी रिवील की थी। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय थीं। दीपिका और पूरे भारत के लिए वह बेहद गौरवशाली पल था, ऐसा इसलिए क्योंकि फुटबाल वर्ल्ड कप पर पूरी दुनिया की निगाहें रहती हैं। इसकी ट्रॉफी को छूने का अधिकार भी चुनिंदा लोगों को होता है। वहीं, कान्स फिल्म फेस्टिवल में उन्हें ज्यूरी मेंबर के तौर पर शामिल किया गया था।
ऑस्कर से भारत की तीन उम्मीदें
इस बार ऑस्कर अवॉर्ड्स कई मायनों में खास होने वाला है। भारत को इस बार तीन नॉमिनेशन मिले हैं। फिल्म आरआरआर के गाने ‘नाटू-नाटू’ को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। वहीं ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर और ‘द एलिफेंट व्हिस्पर्स’ को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म कैटेगरी के तहत नॉमिनेशन मिला है।
इसमें से ‘नाटू-नाटू’ सॉन्ग से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि इसने हाल ही में गोल्डन ग्लोब और हॉलीवुड क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स अपने नाम किया है।