ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। विदेश घूमने जाने वाले भारतीयों के लिए मलेशिया की यात्रा अब पहले जितनी आसान नहीं रहेगी। मलेशिया सरकार एक जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों को मिलने वाली वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा खत्म करने जा रही है।
अफसरों के मुताबिक, इसके बाद भारतीय पासपोर्ट धारकों को मलेशिया जाने से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा। अभी भारतीय नागरिक 30 दिन तक बिना वीजा के मलेशिया में रह सकते हैं। नए नियम के मुताबिक, एक जनवरी 2027 से मलेशिया पहुंचने वाले भारतीयों के पास पहले से वैध वीजा होना जरूरी होगा। ऑनलाइन मायवीजा पोर्टल आवेदन एक दिसंबर 2026 से शुरू होंगे। हेनली पासपोर्ट इंडेक्स के मुताबिक, भारतीय पासपोर्ट से बिना पहले से वीजा लिए कुल 55 डेस्टिनेशन जा सकते हैं। इनमें वीजा-फ्री, वीजा ऑन अराइवल और ई-बीजा शामिल हैं। इनमें प्रमुख देश फिलीपींस, मकाऊ, मॉरीशस और बारबाडोस हैं।
रोजगार के नाम पर सुविधा का दुरुपयोग
मलेशिया में भारतीयों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा दिसंबर 2023 में शुरू की गई थी। इसका मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना था। हालांकि, भारतीय उच्चायोग ने सितंबर 2026 में चेतावनी दी थी कि कुछ भारतीय इस सुविधा का इस्तेमाल नौकरी तलाशने के लिए कर रहे हैं। जबकि यह छूट केवल पर्यटन और सामाजिक मुलाकातों के लिए थी, रोजगार के लिए नहीं। भारतीय उच्चायोग के मुताबिक, कुछ लोगों को एजेंटों ने मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।














