हमने सिगरेट-तंबाकू के खिलाफ जनहित में एक अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत हम सिगरेट से कर रहे हैं। विकसित भारत के संकल्पों को पूरा करने के लिए युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना बेहद जरूरी है।
ब्लिट्ज इंडिया मीडिया ग्रुप राष्ट्र हित और जनहित के इस संकल्पित अभियान का श्रीगणेश करने जा रहा है। हमारा मकसद लोगों को उसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ जमीन पर ठोस कदम उठवाना है। हम सिगरेट-तंबाकू से लोगों और उनके परिवारों को होने वाले नुकसान को जनता, जनप्रतिनिधियों, सरकारों और न्यायपालिका के सामने रखेंगे। साथ ही, इसकी लत से लोगों में होने वाले कैंसर एवं अन्य गंभीर जानलेवा बीमारियों से उन्हें बचाने के लिए प्रभावी और असरदार कदम भी उठाएंगे ।
इस अभियान को जमीन पर मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए हम देश को होने वाली हानि से जुड़े तथ्यों पर आधारित गहन रिपोर्टिंग, विशेषज्ञों की राय और प्रभावित परिवारों की आपबीती के जरिए बताएंगे कि सिगरेट-तंबाकू की रोकथाम के लिए और इससे जुड़े कानून लागू करने में कहां पर कमियां हैं और उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है। हम राष्ट्रहित और जनहित के इस अभियान को सफल बनाने के लिए जरूरी प्रतिबंधों और कारगर उपायों को समाज, सरकार और न्यायपालिका के सामने लाएंगे । इसके साथ ही देश की युवा पीढ़ी को सिगरेट-तंबाकू छोड़ने के लिए उन्हें जागरूक कर जरूरी मदद भी उपलब्ध कराएंगे।
देश की युवा पीढ़ी को तंबाकू -सिगरेट से दूर रखना, इससे संबंधित नियमों और प्रतिबंधों की समीक्षा कराना और इसके उल्लंघन पर समय रहते कारगर कार्रवाई करवाना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। आपकी जानकारी के लिए जरूरी है कि दुनिया का प्रतिष्ठित ब्लूमबर्ग मीडिया संस्थान भी अपनी ब्लूमबर्ग फिलोंथ्रॉपी संस्था के माध्यम से दुनिया के अनेक देशों में तंबाकू से होने वाले सामाजिक नुकसान को बचाने का एक प्रभावी अभियान चला रहा है।
मित्रों! विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब हमारी युवा पीढ़ी स्वस्थ हो, आत्मविश्वास से भरी हो और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी करे।
नशे की लत से बर्बाद होने वाला हर युवा जीवन उससे जुड़े परिवार के स्वर्णिम भविष्य को खत्म करता है ।
ब्लिट्ज इंडिया, देश के सभी नागरिकों , संस्थाओं और सक्रिय समाज सेवियों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील करता है। इसके साथ ही जो लोग इस नशे की लत से जूझ रहे हैं, उनके प्रति हम संवेदनशीलता रखें और उन्हें इससे बचाने की दिशा में अपना-अपना कारगर सहयोग प्रदान करें।














