मुंबई। महाराष्ट्र के भाजपा मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी ने स्वीडन की राजनीति में बड़ी कामयाबी हासिल की है। नीला विखे पाटिल स्वीडन की संसद के लिए चुनी गई हैं। उन्होंने स्टॉकहोम सिटी से चुनाव जीता है। नीला ग्रीन पार्टी की नेता हैं। वह अब 349 सदस्यों वाली स्वीडन की संसद में नजर आएंगी।
दरअसल, नीला का महाराष्ट्र से पुराना रिश्ता है। उनका परिवार राज्य की राजनीति और शिक्षा से जुड़ा रहा है। उनके दादा बालासाहेब विखे पाटिल पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं। उनके पिता अशोक विखे पाटिल शिक्षाविद हैं। नीला के चाचा राधाकृष्ण विखे पाटिल महाराष्ट्र सरकार में मंत्री हैं।
महाराष्ट्र के अहमदनगर में बीता बचपन
नीला का जन्म स्वीडन में हुआ था। हालांकि, उनके बचपन के शुरुआती साल महाराष्ट्र के अहमदनगर में बीते। बाद में वह स्वीडन लौट गईं ं। यहीं से उन्होंने राजनीति में अपना करियर आगे बढ़ाया।
चुनाव जीतने के बाद नीला ने अपने दादा बालासाहेब विखे पाटिल को याद किया। उन्होंने कहा कि वह उम्मीद करती हैं कि उनके दादा को उन पर गर्व होगा। नीला ने बताया कि जब वह 15 साल की थीं, तब उनके दादा उन्हें राज्य का बजट पढ़ने के लिए देते थे। नीला कई साल से स्वीडन की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय में सलाहकार के तौर पर काम किया। यहां उन्होंने वित्त, टैक्स और आवास से जुड़े मुद्दों पर काम किया।
इसके बाद नीला स्टॉकहोम सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई। उन्होंने ग्रीन पार्टी की चुनाव समिति में भी काम किया। वह स्वीडिश यंग ग्रीन्स और ग्रीन पार्टी की दूसरी इकाइयों से भी जुड़ी रही हैं।














