ब्लिट्ज ब्यूरो
गांधीनगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विगत दिवस गुजरात के 14 शहरों में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अगले दो वर्षों में भारत टैक्सी का विस्तार देश के 500 से अधिक शहरों तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत नागपुर, पुणे, मुंबई, लखनऊ, चंडीगढ़, जयपुर और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों को भी जोड़ा जाएगा।
यह देश की पहली सहकारी मॉडल पर आधारित, ड्राइवर-स्वामित्व वाली टैक्सी सेवा है, जिसमें जीरो कमीशन मॉडल लागू होगा। ड्राइवरों को पूरी कमाई मिलेगी और वे प्लेटफॉर्म के सह-स्वामी होंगे। योजना के तहत कम ब्याज पर ऋण, बीमा और व्यवसाय विस्तार के लिए आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी से जुड़े ड्राइवर अब केवल चालक नहीं बल्कि ‘सारथी’ और इस प्लेटफॉर्म के सह-मालिक होंगे।
उन्होंने कहा कि देशभर में अब तक 7 लाख से अधिक ‘सारथी’ 100 रुपये के शेयर खरीदकर भारत टैक्सी के सह-स्वामी बन चुके हैं।












